ऑपरेशन 'यात्री सुरक्षा' में बड़ी सफलता, अलीगढ़ स्टेशन से शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 1.75 लाख के मोबाइल बरामद

प्रयागराज। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रयागराज मंडल के अलीगढ़ स्टेशन पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ अलीगढ़ के नेतृत्व में 21 जुलाई को संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से सैमसंग एस-24 अल्ट्रा और रियलमी 12 प्रो प्लस मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पुष्टि हुई कि दोनों मोबाइल पहले से जीआरपी अलीगढ़ में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।

पूछताछ में आरोपी आतिफ (24 वर्ष) ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया।

इस सफल अभियान में आरपीएफ अलीगढ़ के उपनिरीक्षक धीरज चौधरी, हेड कांस्टेबल फुरकान खान, हेड कांस्टेबल गौरव (सीआईबी) तथा जीआरपी अलीगढ़ के उपनिरीक्षक गौरव वर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और निश्चिंत रेल यात्रा का वातावरण मिल सके। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने सामान पर सतर्क नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ, जीआरपी या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें।