रेलवे स्टेशनों पर गूंजेगा जागरूकता गीत, नन्हे कलाकार देंगे सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश

प्रयागराज। रेल यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता और जिम्मेदार यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए रेलवे ने एक अभिनव पहल शुरू की है। अब रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को विशेष जागरूकता गीत सुनाया जाएगा, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन और स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

इस अनूठे जागरूकता गीत को 9 वर्षीय आरव और 13 वर्षीय असित ने तैयार किया है। दोनों भाई "साई बंधु" के नाम से जाने जाते हैं और अपनी मधुर प्रस्तुतियों के लिए पहले से ही पहचान बना चुके हैं। बच्चों की आवाज़ में तैयार यह गीत यात्रियों को रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, ट्रेनों पर पत्थरबाजी से बचने, साफ-सफाई बनाए रखने, अनजान व्यक्तियों से खाद्य पदार्थ न लेने और सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश देगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने कहा कि बच्चों के माध्यम से दिया गया यह संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह गीत यात्रियों तक सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा तथा रेल यात्रा को और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुखद बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गीत के बोल?"सुनो देश के वासियों जागो और जगाओ, भारतीय रेल को सुरक्षित स्वच्छ बनाओ..."?यात्रियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और रेलवे को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित करेंगे।

रेलवे की यह पहल जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें नन्हे कलाकारों की प्रतिभा के माध्यम से लाखों यात्रियों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाया जाएगा।