भारी बारिश का असर: उदवाडा–पारडी रेलखंड पर मिट्टी खिसकने से कई ट्रेनें प्रभावित, कुछ का मार्ग बदला और कुछ शॉर्ट टर्मिनेट

पश्चिम रेलवे के मुंबई सूरत रेलखंड पर उदवाडा और पारडी स्टेशनों के बीच लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बैंक स्लाइड (मिट्टी खिसकने) और भूकटाव की घटना सामने आई है। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने एहतियातन कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 12934 अहमदाबाद बांद्रा टर्मिनस कर्णावती एक्सप्रेस को वलसाड स्टेशन पर, ट्रेन संख्या 12932 अहमदाबाद मुंबई सेंट्रल डबल डेकर एक्सप्रेस को नवसारी स्टेशन पर तथा ट्रेन संख्या 20908 भुज दादर सयाजीनगरी एक्सप्रेस को सूरत स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।

वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 12933 बांद्रा टर्मिनस अहमदाबाद कर्णावती एक्सप्रेस वलसाड से शाम 4:20 बजे, ट्रेन संख्या 12931 मुंबई सेंट्रल?अहमदाबाद डबल डेकर एक्सप्रेस नवसारी से शाम 5:20 बजे तथा ट्रेन संख्या 20907 दादर?भुज सयाजीनगरी एक्सप्रेस सूरत से शाम 7:35 बजे शॉर्ट ओरिजिनेट होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे के इंजीनियरिंग एवं परिचालन विभाग की टीमें प्रभावित रेलखंड पर युद्धस्तर पर मरम्मत और बहाली का कार्य कर रही हैं, ताकि ट्रेन सेवाएं जल्द से जल्द सामान्य की जा सकें।