मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को मिली नई रफ्तार, शुरुआती संचालन भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन से होगा

अहमदाबाद। भारत और जापान के बीच मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना को लेकर हुई वार्ता सकारात्मक रही है। दोनों देशों ने परियोजना को जल्द से जल्द शुरू करने के साझा लक्ष्य पर सहमति जताई है।

चर्चा के दौरान यह तय हुआ कि जापान द्वारा विकसित की जा रही अत्याधुनिक ई10 सीरीज हाई-स्पीड ट्रेन 2030 के शुरुआती वर्षों में उपलब्ध कराई जाएगी। चूंकि यह ट्रेन अभी विकास के चरण में है, इसलिए परियोजना के पहले चरण के संचालन की शुरुआत भारतीय हाई-स्पीड ट्रेन से की जाएगी।

परियोजना के निर्माण कार्य में भी तेजी आई है और पहला खंड वर्ष 2027 में चालू किए जाने की योजना है। इस निर्णय से परियोजना में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी और यात्रियों को समय पर हाई-स्पीड रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।

भारत और जापान ने दोहराया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण प्रतीक है तथा इसे शीघ्र पूरा कर संचालन शुरू करना दोनों की प्राथमिकता है।