वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का सराहनीय कदम, कटड़ा में फंसे यात्रियों को निःशुल्क भोजन और हरसंभव सहायता

कटड़ा। प्रतिकूल मौसम और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की चेतावनी के चलते श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किए जाने के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं।

श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा के निर्देश पर कटड़ा में फंसे श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क लंगर सेवा शुरू की गई है। बस स्टैंड के समीप स्थित निहारिका कॉम्प्लेक्स में श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही श्राइन बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।

श्राइन बोर्ड द्वारा विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए लगातार मौसम की स्थिति और यात्रा से जुड़े आधिकारिक अपडेट एवं आवश्यक परामर्श भी जारी किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं तक सही और समय पर जानकारी पहुंच सके तथा किसी प्रकार की अफवाह से बचा जा सके।

श्राइन बोर्ड जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम पर 24 घंटे नजर बनाए हुए है। सभी विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।

श्राइन बोर्ड ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू होने संबंधी निर्देशों का पालन करें।

श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुविधा के प्रति श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की यह संवेदनशील पहल मानव सेवा और बेहतर प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है। इससे कटड़ा में रुके हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिली है और उन्हें सुरक्षित वातावरण के साथ भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।