प्रयागराज से यशवंतपुर के लिए चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, पर्यटन और तीर्थयात्रा को मिलेगा बढ़ावा

प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा और पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से रेलवे ने प्रयागराज यशवंतपुर प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (04149/04150) के संचालन का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन से उत्तर भारत की संगम नगरी प्रयागराज और दक्षिण भारत के प्रमुख आईटी एवं सिल्क सिटी यशवंतपुर (बेंगलुरु) के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04149 प्रत्येक बुधवार को 5 अगस्त से 23 सितंबर 2026 तक प्रयागराज से चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 04150 प्रत्येक शनिवार को 8 अगस्त से 26 सितंबर 2026 तक यशवंतपुर से रवाना होगी। दोनों दिशाओं में कुल 8-8 फेरे संचालित किए जाएंगे।

इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 23 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआर/डी, 7 सामान्य, 11 स्लीपर, 2 एसी थर्ड और 1 एसी सेकेंड कोच शामिल होंगे।

रेलवे का कहना है कि इस ट्रेन के संचालन से प्रयागराज और बेंगलुरु के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही दोनों शहरों की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के बीच संपर्क भी मजबूत होगा। स्टेशनवार समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे द्वारा अलग से जारी की जाएगी।