प्रयागराज मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक, ‘रेल त्रिवेणी’ के नए अंक का विमोचन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर मंडल की हिंदी पत्रिका रेल त्रिवेणी के नवीन अंक का भी विमोचन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सरकारी कार्यों का राजभाषा हिंदी में निष्पादन संवैधानिक, राष्ट्रीय और नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों से अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले सभी दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किए जाना अनिवार्य है तथा हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में प्रयागराज मंडल को राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाप्रबंधक की ओर से सर्वोत्तम मंडल की चल बैजयंती प्रदान की गई है। उन्होंने अधिकारियों से आगामी राजभाषा पखवाड़ा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भी आह्वान किया।

बैठक में मंडल के सभी शाखा प्रबंधकों ने अपनी-अपनी शाखाओं में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन सहायक मंडल वित्त प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी राजीव कुमार ने किया।