प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर मध्य रेलवे के 8 अमृत भारत स्टेशनों का किया लोकार्पण, आधुनिक सुविधाओं से बदली स्टेशनों की तस्वीर

प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इनमें उत्तर मध्य रेलवे के आठ स्टेशन?विंध्याचल, पनकी धाम, फतेहपुर, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, भिंड, टीकमगढ़, हरपालपुर और डीग?भी शामिल हैं। इन स्टेशनों पर आयोजित समारोहों में केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, रेलवे अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों का पुनर्विकास आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर किया गया है। नए स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, आकर्षक प्रवेश द्वार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और उन्नत यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

फतेहपुर रेलवे स्टेशन का लगभग 33.10 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के इस प्रमुख स्टेशन पर आधुनिक स्टेशन भवन, नया प्रवेश द्वार, विस्तृत पार्किंग और 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया गया है।

पनकी धाम स्टेशन का 24.94 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। यहां आधुनिक प्रतीक्षालय, चौड़े प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, नया फुटओवर ब्रिज और बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया तैयार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

विंध्याचल स्टेशन का 23.24 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। मां विंध्यवासिनी धाम के प्रवेश द्वार के रूप में विकसित इस स्टेशन पर स्थानीय संस्कृति से प्रेरित वास्तुकला, आधुनिक सुविधाएं और दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्था बनाई गई है।

डीग, भिंड, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, टीकमगढ़ और हरपालपुर स्टेशनों का भी आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। इन स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ क्षेत्रीय विरासत को दर्शाने वाली वास्तुकला अपनाई गई है, जिससे पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

लोकार्पण समारोह के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करते हुए उन्हें स्थानीय संस्कृति और विरासत के अनुरूप विकसित करना है। इससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।