इज्जतनगर मंडल अंतरमंडलीय रेलवे सुरक्षा बल खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में आयोजित पांच दिवसीय अंतरमंडलीय रेलवे सुरक्षा बल वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह रेलवे सुरक्षा बल, इज्जतनगर लाइन में आयोजित किया गया, जिसमें विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने विजेता टीमों को ट्रॉफी तथा एथलेटिक्स की विभिन्न व्यक्तिगत स्पर्धाओं के विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि टीम भावना, नेतृत्व कौशल और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में इज्जतनगर मंडल ने बीएलडब्ल्यू, वाराणसी को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी इज्जतनगर मंडल का दबदबा कायम रहा। टीम ने सर्वाधिक 40 पदक जीतकर 244 अंक हासिल किए और ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

समापन समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी, सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम सिद्दीकी, निरीक्षक अब्दुस सलाम खान, रमेश चन्द्रा तथा सतीश चन्द्रा सहित रेलवे सुरक्षा बल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन में सर्वानंद तिवारी के विशेष योगदान की सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों ने सराहना की।