रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का 18 जुलाई को होगा शुभारंभ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय की स्वीकृति के बाद 15310/15309 रामनगर देहरादून रामनगर एक्सप्रेस का शुभारंभ 18 जुलाई 2026 को किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इस अवसर पर रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में सांसद अनिल बलूनी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे।

रेल मंत्रालय ने क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रामनगर और देहरादून के बीच इस इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है। नई ट्रेन शुरू होने से रामनगर, काशीपुर, हरिद्वार और देहरादून के बीच यात्रा करने वाले छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यात्री उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और तीर्थनगरी हरिद्वार जाकर अपने आवश्यक कार्य उसी दिन पूरा कर वापस लौट सकेंगे। इसके अलावा जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों तथा धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस नई रेल सेवा से काफी सुविधा मिलेगी।

रेलवे का मानना है कि रामनगर देहरादून एक्सप्रेस के संचालन से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के बीच संपर्क और मजबूत होगा तथा पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।