मुरादाबाद में बिजली विभाग की बड़ी वसूली, 20 दिनों में 506 बड़े बकायेदारों की संख्या घटी

मुरादाबाद। बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे बकाया वसूली अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। अधीक्षण अभियंता (देहात) गुलशन गोयल ने बताया कि अभियान शुरू होने पर देहात क्षेत्र में 1,182 उपभोक्ताओं पर लगभग 21 करोड़ 27 लाख रुपये का बकाया था।

उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार बड़े बकायेदारों की संख्या घटकर 676 उपभोक्ता रह गई है, जबकि कुल बकाया भी कम होकर लगभग 17 करोड़ 49 लाख रुपये रह गया है।

अधीक्षण अभियंता के अनुसार यह उपलब्धि करीब 20 दिनों तक चलाए गए विशेष वसूली अभियान का परिणाम है। इस दौरान विभाग ने बकायेदारों से लगातार संपर्क किया, बकाया जमा कराने के लिए प्रेरित किया तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई भी की।

बिजली विभाग ने सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा है कि बकाया भुगतान करने से अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सकता है।