लोणावला–कर्जत खंड पर दो लाइनें बहाल, फिर भी कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और बदले मार्ग से चलेंगी

मुंबई। मध्य रेल ने लोणावला?कर्जत घाट खंड पर दक्षिण-पूर्व डाउन लाइन और मिडिल लाइन का सफलतापूर्वक पुनर्स्थापन कर लिया है। इसके बाद कई रेल सेवाओं का संचालन सामान्य हो गया है, जबकि तीसरी लाइन को बहाल करने का कार्य अभी जारी है। इसके चलते 18 से 24 जुलाई तक कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से समाप्त, आंशिक रूप से प्रारंभ तथा परिवर्तित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने बताया कि इस अवधि में सीएसएमटी चेन्नई एक्सप्रेस, दादर साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस, दादर सातारा एक्सप्रेस, सीएसएमटी हैदराबाद एक्सप्रेस, दौंड इंदौर एक्सप्रेस, हडपसर जोधपुर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वहीं वापसी दिशा में भी इन ट्रेनों के समकक्ष फेरे रद्द रहेंगे।

इसके अलावा विशाखापट्टनम एलटीटी, मदुरै एलटीटी, चेन्नई एकतानगर, तिरुचिरापल्ली अहमदाबाद, सिकंदराबाद राजकोट, पोरबंदर सिकंदराबाद, पुणे संतरागाछी समेत कई ट्रेनों को मनमाड, दौंड, भुसावल, सूरत और सोलापुर होकर परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

रेलवे ने होस्पेटे सीएसएमटी और कोल्हापुर सीएसएमटी एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से क्रमशः पुणे और खड़की स्टेशन तक ही संचालित करने का निर्णय लिया है। वहीं सीएसएमटी कोल्हापुर तथा सीएसएमटी होस्पेटे एक्सप्रेस निर्धारित अवधि में क्रमशः पुणे और खड़की से प्रारंभ होंगी।

मध्य रेल के अनुसार, लोणावला कर्जत घाट खंड में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र में रेलवे की टीमें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चौबीसों घंटे मलबा हटाने और तीसरी लाइन को जल्द बहाल करने के कार्य में जुटी हैं। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस (NTES) ऐप या रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों से अवश्य जांचने की अपील की गई है। रेलवे ने प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न इस अस्थायी व्यवधान के दौरान यात्रियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया है।