यात्रियों की सुरक्षा को नई मजबूती, मध्य रेलवे के 12 स्टेशनों पर शुरू हुए इमरजेंसी मेडिकल रूम

मुंबई। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में मध्य रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। रेलवे ने चिकित्सा आपात स्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए 12 रेलवे स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम (ईएमआर) शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा चेंबूर, मानखुर्द और खोपोली स्टेशनों पर भी जल्द ही यह सुविधा शुरू होने जा रही है।

मध्य रेलवे के अनुसार, मुंबई मंडल के भायखला, कुर्ला, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, घाटकोपर, कांजुरमार्ग, भांडुप, ठाणे, डोंबिवली, कल्याण, टिटवाला, कर्जत और वाशी स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम पूरी तरह संचालित हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य यात्रा के दौरान दुर्घटना, अचानक बीमारी या अन्य चिकित्सा आपात स्थितियों में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है।

इन इमरजेंसी मेडिकल रूम में ऑक्सीजन सप्लाई, बेसिक लाइफ सपोर्ट उपकरण, स्ट्रेचर, आवश्यक दवाइयां, पोर्टेबल लैब, मेडिकल स्टोर और एंबुलेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही यहां 24 घंटे योग्य चिकित्सक और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।

मध्य रेलवे अब इस सुविधा का दायरा और बढ़ाने की तैयारी कर रही है। मुंबई मंडल के 40 और स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम स्थापित करने के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। इससे चिकित्सा आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया समय कम होगा और मरीजों को 'गोल्डन ऑवर' के दौरान समय पर उपचार मिल सकेगा, जिससे गंभीर परिस्थितियों में जान बचाने की संभावना बढ़ेगी।

मध्य रेलवे का कहना है कि यह पहल यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। रेलवे का उद्देश्य हर यात्री को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।