कटोसण रोड–रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड पर यात्री ट्रेनों को मिली हरी झंडी, सीआरएस ने दी मंजूरी

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत कटोसण रोड?रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड पर जल्द ही यात्री रेल सेवाएं शुरू होंगी। रेलवे संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) ई. श्रीनिवास ने इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के संचालन के लिए संरक्षा स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह रेलखंड मीटर गेज से ब्रॉड गेज में परिवर्तित की गई 62.748 किलोमीटर लंबी कटोसण रोड?रणुज गेज परिवर्तन परियोजना का हिस्सा है। रेलवे संरक्षा आयुक्त ने 9 से 11 जुलाई तक इस रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डब्ल्यूएपी-7 विद्युत इंजन के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल ट्रायल भी किया गया।

सभी तकनीकी, संरक्षा एवं वैधानिक मानकों के अनुरूप कार्य संतोषजनक पाए जाने के बाद रेलखंड पर सार्वजनिक यात्री सेवाओं के संचालन की अनुमति दी गई। फिलहाल मुख्य लाइन पर ट्रेनों की अधिकतम सेक्शनल गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। भविष्य में निर्धारित शर्तों के पूरा होने और ट्रैक के संतोषजनक प्रदर्शन के बाद इसे 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ाया जा सकेगा।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के लाखों यात्रियों, विशेषकर बेचराजी, संखलपुर और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए सुरक्षित, तेज़ और सुविधाजनक रेल यात्रा का मार्ग प्रशस्त करेगी। नियमित यात्री सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

रेलवे ने बताया कि संरक्षा स्वीकृति विभिन्न तकनीकी और परिचालन संबंधी शर्तों के साथ प्रदान की गई है, जिनका समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कटोसण रोड?रणुज ब्रॉड गेज रेलखंड का संचालन पश्चिम रेलवे की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।