भारी बारिश से पश्चिम रेलवे प्रभावित, मुंबई मंडल में जलभराव के कारण कई ट्रेनें रद्द, दो का मार्ग बदला

मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते वसई रोड, नालासोपारा और विरार रेलखंड में जलभराव हो गया है। इसके कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त करने तथा कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित करने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार 19016 पोरबंदर दादर एक्सप्रेस, 19218 वेरावल बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस तथा 12941 भावनगर टर्मिनस आसनसोल एक्सप्रेस (7 जुलाई) को निरस्त कर दिया गया है। वहीं 12942 आसनसोल भावनगर टर्मिनस एक्सप्रेस (9 जुलाई) भी निरस्त रहेगी।

इसके अलावा 20495 जोधपुर हडपसर एक्सप्रेस और 22497 श्रीगंगानगर तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस (6 जुलाई से प्रारंभ यात्रा) को सूरत पालधी जलगांव मनमाड दौंड कॉर्ड लाइन पुणे मार्ग से चलाया जा रहा है।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति के अनुसार रेल परिचालन में आवश्यकतानुसार बदलाव किए जा सकते हैं।