नोएडा अग्निकांड के बाद मुरादाबाद में बढ़ी सतर्कता, हाईराइज इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

मुरादाबाद। नोएडा में हाल ही में हुई आग की घटना के बाद मुरादाबाद पुलिस एवं अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में शहर की हाईराइज इमारतों और प्रमुख परिसरों का विशेष सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने टीम के साथ सुपरटेक पामग्रीन सोसाइटी, दिल्ली रोड, मुरादाबाद सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर फाइटिंग सिस्टम, फायर अलार्म, स्प्रिंकलर, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता तथा सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, सभी सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में हाईराइज इमारतों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

मुरादाबाद पुलिस और अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें, भवनों में स्थापित सुरक्षा उपकरणों का नियमित रखरखाव कराएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दें।