मुरादाबाद में अग्निशमन कर्मियों की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, उपकरणों की कार्यक्षमता परखा गया

मुरादाबाद। जनपद में अग्निशमन एवं आपात सेवाओं की तत्परता बनाए रखने के लिए मंगलवार को सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के निर्देश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी स्थित अग्निशमन केंद्रों पर सभी अग्निशमन कर्मियों को फाल-इन कर विभागीय प्रशिक्षण दिया गया। निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कर्मियों को अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों के नाम, उनकी क्षमता, संचालन विधि और सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

ड्रिल के दौरान फायर टेंडर पर उपलब्ध सभी उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई तथा उन्हें आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया। अधिकारियों ने कर्मियों को रेस्क्यू अभियान के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया।

अग्निशमन विभाग के इस नियमित प्रशिक्षण का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनपद की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।