कनीना खास-महेन्द्रगढ़ के बीच आरयूबी निर्माण, कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में कनीना खास-महेन्द्रगढ़ स्टेशनों के मध्य समपार फाटक संख्या-98 पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 14 से 17 अक्टूबर 2026 तक कई रेल सेवाएं रद्द, आंशिक रद्द, मार्ग परिवर्तित और रीशेड्यूल रहेंगी।

रेलवे के अनुसार रेवाड़ी-बीकानेर एक्सप्रेस (54789) तथा बीकानेर-रेवाड़ी एक्सप्रेस (54790) 14 से 17 अक्टूबर तक पूरी तरह रद्द रहेंगी।

इसके अलावा सीकर-रेवाड़ी एक्सप्रेस (54803) 14 अक्टूबर को केवल लोहारू तक संचालित होगी, जबकि रेवाड़ी-जोधपुर एक्सप्रेस (14824) उसी दिन रेवाड़ी के स्थान पर लोहारू से रवाना होगी। इन दोनों ट्रेनों का संचालन लोहारू-रेवाड़ी खंड में आंशिक रूप से रद्द रहेगा।

निर्माण कार्य के कारण श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज एक्सप्रेस (14727), हिसार-दिल्ली (54310), दिल्ली-हिसार (54309), दिल्ली सराय-सीकर (14717) तथा दिल्ली सराय-जोधपुर एक्सप्रेस (22421) को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा और ये निर्धारित वैकल्पिक स्टेशनों पर ठहराव करेंगी।

वहीं दिल्ली सराय-बीकानेर एक्सप्रेस (22472) 14 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से रवाना होगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।