अमृत भारत योजना से बदली बालाघाट स्टेशन की तस्वीर, 8.03 करोड़ रुपये से मिला आधुनिक स्वरूप

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत बालाघाट रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। लगभग 8.03 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना के बाद स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं, उन्नत अधोसंरचना और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान से सुसज्जित नए स्वरूप में यात्रियों की सेवा के लिए तैयार है।

रेलवे के अनुसार, स्टेशन के पुनर्विकास का उद्देश्य केवल भवन का आधुनिकीकरण नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना भी है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की त्रिकोणी सीमा के समीप स्थित बालाघाट प्राकृतिक सौंदर्य, सतपुड़ा पर्वतमाला, वैनगंगा नदी और कान्हा टाइगर रिजर्व के कारण महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र है। इसी पहचान को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का सौंदर्यीकरण स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप किया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 13,366 वर्गमीटर का विशाल सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया है, जिससे स्टेशन पर प्रवेश और निकास पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित हो गया है। अतिरिक्त टिकट काउंटर, बेहतर यातायात प्रबंधन और निर्बाध आवाजाही की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

पुनर्विकसित स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इसके अलावा प्लेटफॉर्मों का भी उन्नयन करते हुए 10 आधुनिक प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाए गए हैं, जिससे यात्रियों को धूप और बारिश से बेहतर सुरक्षा मिलेगी।

स्टेशन परिसर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक, बेहतर भीड़ प्रबंधन और आकर्षक लैंडस्केपिंग के माध्यम से सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार किया गया है। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बालाघाट की स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक पहचान की भी झलक मिलेगी।

रेलवे का मानना है कि पुनर्विकसित बालाघाट रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। कान्हा टाइगर रिजर्व सहित आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए यह स्टेशन अब अधिक सुविधाजनक और आधुनिक प्रवेश द्वार साबित होगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित बालाघाट रेलवे स्टेशन भारतीय रेलवे की यात्री-केंद्रित विकास नीति और 'विकसित भारत' के संकल्प का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। यह परियोजना न केवल स्टेशन का कायाकल्प है, बल्कि बालाघाट के समग्र विकास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।