मध्य रेलवे ने दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन की दूसरी लाइन बहाल की, 16 जुलाई से फिर दौड़ेंगी डेक्कन क्वीन और इंटरसिटी एक्सप्रेस

मुंबई। मध्य रेलवे ने लोनावला करजत घाट सेक्शन में भूस्खलन के बाद बहाली कार्य में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दक्षिण-पूर्व डाउन लाइन को दोबारा चालू कर दिया है। 14 जुलाई को लाइन बहाल होने के बाद सबसे पहले तीन मालगाड़ियों का सफल संचालन किया गया, जिसके बाद सीएसएमटी?लातूर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22107) इस लाइन से गुजरने वाली पहली यात्री ट्रेन बनी।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन 22107 ने 14 जुलाई की रात करजत से रात 11:18 बजे प्रस्थान किया, 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से प्रभावित घाट सेक्शन को सुरक्षित पार किया और 15 जुलाई को रात 12:27 बजे लोनावला पहुंची।

डाउन लाइन बहाल होने के साथ ही यात्रियों के लिए राहत की खबर है। 16 जुलाई 2026 से मुंबई पुणे के बीच चलने वाली प्रतिष्ठित डेक्कन क्वीन (12123/12124) और इंटरसिटी एक्सप्रेस (12127/12128) का नियमित संचालन भी फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

मध्य रेलवे ने बताया कि 6 जुलाई 2026 को हुए भूस्खलन के बाद पिछले दस दिनों से रेलवे की टीमें लगातार दिन-रात राहत और बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। 7 जुलाई को मिड लाइन को चालू कर दिया गया था, जबकि 14 जुलाई को डाउन लाइन भी बहाल कर दी गई है। अब तीसरी (अप) लाइन को जल्द से जल्द चालू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है।

बहाली अभियान में वरिष्ठ अधिकारियों, इंजीनियरों, पर्यवेक्षकों और 1,200 से अधिक श्रमिकों की टीम कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में 24 घंटे कार्य कर रही है। मलबा हटाने और ट्रैक बहाल करने के लिए बोल्डर स्पेशल ट्रेन, यूनिमैट मशीन, डुओमैटिक मशीन, पोकलेन मशीन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। कर्मचारियों को कार्यस्थल तक पहुंचाने के लिए विशेष श्रमिक ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन या एनटीईएस (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) ऐप का उपयोग करें। रेलवे ने यात्रियों के सहयोग और धैर्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया है कि शेष लाइन की बहाली का कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे घाट सेक्शन में सभी रेल सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो सकें।