17.86 करोड़ की लागत से बदला नैनपुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप, अमृत भारत योजना के तहत मिली विश्वस्तरीय सुविधाएं

नागपुर। मध्य प्रदेश के मंडला जिले का ऐतिहासिक नैनपुर रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास के बाद आधुनिक, सुरक्षित और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन के रूप में तैयार हो गया है। लगभग 17.86 करोड़ रुपये की लागत से हुए विकास कार्यों ने देश के प्रमुख नैरोगेज जंक्शनों में शामिल रहे इस स्टेशन को नई पहचान दी है।

पुनर्विकसित स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, सुगम आवागमन की व्यवस्था, लिफ्ट और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।

स्टेशन भवन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ स्थानीय जनजातीय संस्कृति और क्षेत्रीय विरासत को भी विशेष महत्व दिया गया है। परिसर में जनजातीय कला, सांस्कृतिक थीम आधारित वॉल पेंटिंग और बांस व प्राकृतिक सामग्री से प्रेरित डिजाइन नैनपुर की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हाई मास्ट एलईडी लाइटें, अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल सूचना प्रदर्शन प्रणाली, मल्टी लाइन डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक उद्घोषणा प्रणाली, नया प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, बेहतर बैठने की व्यवस्था और खाद्य स्टॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

स्टेशन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए वर्षा जल संचयन, ऊर्जा संरक्षण, प्राकृतिक प्रकाश का अधिकतम उपयोग, आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली तथा हरित क्षेत्र और आकर्षक लैंडस्केपिंग भी विकसित की गई है।

कान्हा राष्ट्रीय उद्यान सहित क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों के प्रवेश द्वार के रूप में प्रसिद्ध नैनपुर स्टेशन के पुनर्विकास से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे का मानना है कि यह स्टेशन अब केवल यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनेगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित नैनपुर रेलवे स्टेशन आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं और स्थानीय विरासत का सुंदर संगम बनकर उभरा है। यह परियोजना भारतीय रेलवे की यात्री-केंद्रित और भविष्य उन्मुख विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिससे आने वाले वर्षों में लाखों यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलेगा।