अमृत भारत स्टेशन योजना से जुड़ी नई पीढ़ी, स्कूली बच्चों ने निबंध और चित्रकला में उकेरा विकसित भारत का सपना

नागपुर। भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना अब केवल स्टेशनों के पुनर्विकास तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह नई पीढ़ी को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का प्रभावी अभियान बन गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट में स्कूली विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर आधुनिक, स्वच्छ, हरित और विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशनों की कल्पना को अपनी रचनाओं में साकार किया।

प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने "मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा" और "विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान" जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों ने आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, हरित ऊर्जा, बेहतर यात्री सुविधाओं और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से ऐसे रेलवे स्टेशनों की तस्वीर उकेरी, जो सुविधा, सौंदर्य, पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण थे।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण "सेल्फी विद स्टेशन" गतिविधि रही। विद्यार्थियों ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट रेलवे स्टेशनों के साथ सेल्फी लेकर रेलवे के आधुनिकीकरण और विकसित भारत के अभियान के प्रति अपना उत्साह और समर्थन व्यक्त किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छिंदवाड़ा स्टेशन का लगभग 17.23 करोड़ रुपये, नैनपुर स्टेशन का 17.86 करोड़ रुपये और बालाघाट स्टेशन का 8.03 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। इन स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, बेहतर बैठने की व्यवस्था, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, उन्नत शौचालय, आकर्षक लैंडस्केपिंग और पर्यावरण-अनुकूल अधोसंरचना जैसी अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों को उनकी रचनात्मक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

यह पहल इस बात का प्रमाण है कि भारतीय रेलवे आधुनिक स्टेशन निर्माण के साथ-साथ देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और 'विकसित भारत' के संकल्प से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और उत्साह ने यह संदेश दिया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा पीढ़ी इस परिवर्तन की सक्रिय भागीदार बनेगी।