जम्मू तवी स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म शुरू, यात्रियों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधाएं; स्टेशन पुनर्विकास को मिली नई गति

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 4, 5, 6 और 7 को यात्रियों एवं ट्रेनों के संचालन के लिए खोल दिया है। नवनिर्मित प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर पहली बार ट्रेन संख्या 12413 का संचालन किया गया। इस अवसर पर यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नए प्लेटफॉर्म शुरू होने से जम्मू तवी स्टेशन की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब एक साथ अधिक ट्रेनों का ठहराव और संचालन संभव होगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही सुचारु होगी, प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 के दोबारा चालू होने के साथ अब स्टेशन के सभी सात प्लेटफॉर्म सक्रिय हो गए हैं।

सीनियर डीईएन शुभम पवार ने बताया कि जम्मू तवी स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक सुविधाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। नए प्लेटफॉर्म शुरू होने से परिचालन क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों के समयबद्ध संचालन में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि रेलवे का लक्ष्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों की समय-सारिणी एवं प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी के लिए स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणाओं पर ध्यान दें तथा नए प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए फुट ओवर ब्रिज और दिशा-सूचक संकेतकों का उपयोग करें।

जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्मों का संचालन शुरू होना उत्तर रेलवे के स्टेशन आधुनिकीकरण अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।