श्री अमरनाथ यात्रा 2026: रेल वन ऐप से आसान होगी रेल यात्रा, जम्मू मंडल ने श्रद्धालुओं से की अपील

जम्मू। श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को अधिक सुगम, सुरक्षित और डिजिटल बनाने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्रद्धालुओं से 'रेल वन ऐप' का उपयोग करने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि इस ऐप के माध्यम से यात्री बिना टिकट काउंटर की लंबी कतारों में लगे घर बैठे आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं और अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं।

रेलवे के अनुसार, रेल वन ऐप पर 24 घंटे जनरल टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, प्लेटफॉर्म की जानकारी, भोजन बुकिंग और 'प्लान माई जर्नी' जैसी कई सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। डिजिटल टिकट सीधे ऐप में मान्य होगा, जबकि स्क्रीनशॉट या फोटो स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा आस्था का प्रतीक है और यात्रियों को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से डिजिटल टिकटिंग अपनाने और रेल वन ऐप के माध्यम से सुरक्षित, सुविधाजनक एवं कागजरहित यात्रा का लाभ उठाने की अपील की।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपने मोबाइल में रेल वन ऐप डाउनलोड कर यात्रा की योजना बनाएं। किसी भी सहायता के लिए रेल मदद 139 पर संपर्क किया जा सकता है।