रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट पर 3% बोनस योजना 31 मार्च 2027 तक बढ़ी, यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

जम्मू। भारतीय रेलवे ने डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने और यात्रियों को अधिक सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रेलवन (RailOne) ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर मिलने वाली 3 प्रतिशत बोनस/छूट योजना की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी है। इस फैसले से रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलेगा, वहीं कैशलेस और पेपरलेस टिकटिंग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत रेलवन ऐप पर यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग सहित सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को किराए में 3 प्रतिशत की तत्काल छूट मिलेगी। वहीं आर-वॉलेट के जरिए टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत कैशबैक बोनस दिया जाएगा। आर-वॉलेट पर यह बोनस व्यवस्था पहले की तरह 24 अगस्त 2028 तक जारी रहेगी।

इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यात्रियों को हर टिकट पर बचत होगी। साथ ही टिकट बुक कराने के लिए स्टेशन के काउंटर पर लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री घर बैठे या यात्रा के दौरान कुछ ही सेकंड में मोबाइल से टिकट बुक कर सकेंगे। मोबाइल में उपलब्ध डिजिटल टिकट के कारण कागजी टिकट रखने की भी आवश्यकता नहीं होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को तेज, सुरक्षित और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। रेलवन ऐप पर 3 प्रतिशत छूट एवं बोनस योजना की अवधि बढ़ाने से यात्रियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा और डिजिटल इंडिया अभियान के तहत पेपरलेस एवं कैशलेस टिकटिंग को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से रेलवन ऐप डाउनलोड कर इस योजना का लाभ उठाने और अपनी यात्रा को अधिक सुविधाजनक, तेज एवं किफायती बनाने का आग्रह किया है।