रथ यात्रा: पुरी स्टेशन पर 15 से 26 जुलाई तक पार्सल सेवा रहेगी बंद, रेलवे ने जारी किए निर्देश

जोधपुर। भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 15 से 26 जुलाई तक पुरी रेलवे स्टेशन पर पार्सल सेवा अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस अवधि में पुरी स्टेशन से आने-जाने वाले सभी लीज एवं नॉन-लीज पार्सलों की बुकिंग और ढुलाई पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा विशेष ट्रेनों, एफटीआर कोच, आरसी खाते के कोच तथा निरीक्षण डिब्बों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी।

रेलवे के अनुसार रथ यात्रा के दौरान पुरी में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है।

रेलवे ने इस संबंध में सभी जोनल रेलवे और मंडलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही आईआरसीटीसी को भी 15 से 26 जुलाई के बीच पुरी, सखीगोपाल और मालतीपतपुर के लिए कोई नया टूर पैकेज या पर्यटन कार्यक्रम स्वीकार नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे ने यात्रियों और पार्सल सेवा से जुड़े ग्राहकों से अपील की है कि वे यात्रा और पार्सल बुकिंग की योजना बनाते समय इन अस्थायी प्रतिबंधों को ध्यान में रखें।