जोधपुर मंडल में रेल प्रशासन हुआ हाईटेक, सिंगल विंडो सिस्टम की शुरुआत

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सिंगल विंडो सिस्टम की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक संरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान किया।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और संरक्षा, सुरक्षा, परिचालन तथा प्रशासनिक मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण संभव हो सकेगा। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों का समय बचेगा, निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही के साथ कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।

शुभारंभ के बाद आयोजित संरक्षा समीक्षा बैठक में डीआरएम ने मंडल में सुरक्षित, संरक्षित और समयबद्ध रेल संचालन की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून के दौरान संवेदनशील और अति संवेदनशील रेलखंडों की नियमित निगरानी, सतत निरीक्षण तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम सहित मंडल के सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सिंगल विंडो सिस्टम लागू होने से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी, फाइलों के निस्तारण में लगने वाला समय कम होगा और संरक्षा व परिचालन से जुड़े मामलों पर त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलेगी। यह पहल जोधपुर मंडल में तकनीक आधारित, पारदर्शी और दक्ष रेल प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।