हरदोई में जमीनी विवाद में बुजुर्ग की रॉड से हत्या, राजस्व टीम की मौजूदगी में वारदात, छह लोगों पर हत्या का आरोप

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के भूसेरा गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के एक बुजुर्ग की लोहे की रॉड से हमला कर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो ग्राम प्रधान रारा यादव के ताऊ बताए जा रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि रास्ते के विवाद के निस्तारण के लिए मौके पर लेखपाल और कानूनगो भी मौजूद थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने राजेंद्र सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्राम प्रधान रारा यादव ने बताया कि घटना के समय वह फर्रुखाबाद गए हुए थे। सूचना मिलने पर गांव पहुंचे तो पता चला कि उनके ताऊ की हत्या कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र यादव, शैलेन्द्र यादव, आकाश यादव, अनुपम यादव, पप्पू यादव और अमिताभ यादव ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित पक्ष ने सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही भूमाफिया अधिनियम के तहत भी कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी जमीन संबंधी विवाद चल रहा था।
घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।