तिंवरी रेलवे स्टेशन पर आधुनिक वीडीयू प्रणाली शुरू, रेल संचालन होगा अधिक सुरक्षित

तिंवरी रेलवे स्टेशन पर आधुनिक वीडीयू प्रणाली शुरू, रेल संचालन होगा अधिक सुरक्षित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल के राईका बाग?जैसलमेर रेलखंड स्थित तिंवरी रेलवे स्टेशन पर आधुनिक विजुअल डिस्प्ले यूनिट (वीडीयू) प्रणाली शुरू कर दी है। इस नई तकनीक के लागू होने से स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध हो सकेगा। इसका लाभ यात्री ट्रेनों के साथ-साथ मालगाड़ियों के संचालन को भी मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वीडीयू प्रणाली इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग व्यवस्था का अहम हिस्सा है। इसके जरिए स्टेशन मास्टर कंप्यूटर स्क्रीन पर पूरे ट्रैक लेआउट की निगरानी करते हुए सिग्नल, पॉइंट और ट्रेनों के मार्ग का संचालन कर सकते हैं, जिससे परिचालन अधिक सटीक और सुरक्षित बनता है।

उन्होंने बताया कि तिंवरी स्टेशन पर डुअल वीडीयू प्रणाली स्थापित की गई है। यदि किसी एक नियंत्रण इकाई में तकनीकी खराबी आती है तो दूसरी इकाई तुरंत संचालन संभाल लेती है। इससे ट्रेन संचालन प्रभावित नहीं होता और रेल सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ती है।

शनिवार सुबह इस प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कार्य पूरा होने के बाद इसे नियमित संचालन में शामिल कर दिया गया। रेलवे के अनुसार यह तकनीकी उन्नयन स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ यात्रियों को अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और भरोसेमंद रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।