लोणावला–कर्जत रेलखंड पर भूस्खलन का असर, 17 जुलाई तक कई ट्रेनों का बदला मार्ग और आंशिक संचालन

मुंबई। मध्य रेल ने लोणावला - कर्जत रेलखंड पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते 17 जुलाई 2026 तक कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन, आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ का निर्णय लिया है। रेलवे ने कहा कि 6 जुलाई को हुई भारी वर्षा से इस रेलखंड पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ है।

रेल प्रशासन के अनुसार फिलहाल एक बहाल की गई लाइन पर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जबकि शेष लाइनों को चालू करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। व्यापक क्षति और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण सभी लाइनों की बहाली में अभी कुछ समय लग सकता है। यात्रियों को यात्रा की बेहतर योजना बनाने का अवसर देने के लिए 11 से 17 जुलाई तक प्रभावित ट्रेनों की सूची पहले ही जारी कर दी गई है।

रेलवे ने इस अवधि में विशाखापट्टनम-एलटीटी, मदुरै-एलटीटी, कराईकल-एलटीटी, एमजीआर चेन्नई-एकतानगर, कोयंबटूर-राजकोट, सिकंदराबाद-राजकोट, तिरुचिरापल्ली-अहमदाबाद, एमजीआर चेन्नई-अहमदाबाद, दौंड-ग्वालियर, सोलापुर-अजमेर, पुणे-सांतरागाछी सहित कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है। इन ट्रेनों को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों जैसे दौंड-मनमाड-इगतपुरी-कल्याण, दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत, मनमाड-दौंड कॉर्ड लाइन तथा सूरत-पालधी-मनमाड-दौंड-सोलापुर मार्ग से संचालित किया जाएगा।

इसके अलावा होस्पेटे-सीएसएमटी एक्सप्रेस, सोलापुर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, केएसआर बेंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस तथा कोल्हापुर-सीएसएमटी एक्सप्रेस का आंशिक समापन क्रमशः पुणे और खड़की स्टेशन पर किया जाएगा। वहीं सीएसएमटी-कोल्हापुर, सीएसएमटी-केएसआर बेंगलुरु, सीएसएमटी-सोलापुर तथा सीएसएमटी-होस्पेटे एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ पुणे और खड़की स्टेशन से होगा।

मध्य रेल ने बताया कि बहाली कार्य चौबीसों घंटे जारी है और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे हेल्पलाइन या एनटीईएस (NTES) ऐप पर जांचने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी समय-समय पर अद्यतन जानकारी जारी की जा रही है। रेलवे ने प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न इस अस्थायी व्यवधान के दौरान यात्रियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया है।