मथुराधीश मंदिर से यमुना आरती स्थल तक फुट ओवरब्रिज बनाने की उठी मांग

मण्डलायुक्त को दिया यमुना आरती का निमंत्रण, फुट ओवरब्रिज निर्माण की उठी मांग

आगरा। टीम रिवर कनेक्ट अभियान के सदस्यों ने गुरुवार को मण्डलायुक्त से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें प्रतिदिन सायं 7 बजे आयोजित होने वाली यमुना आरती में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मण्डलायुक्त ने आरती का समय जानने के बाद कहा कि वह डॉ. साहब से फोन पर दिन तय कर शीघ्र ही यमुना आरती में शामिल होंगे।

भेंट के दौरान टीम ने यमुना से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। इस पर मण्डलायुक्त ने मुस्कराते हुए कहा, "समस्या बतानी है, तभी आरती पर बुला रहे हैं, मैं सब समझता हूं।"

इस अवसर पर महंत जी ने मथुराधीश मंदिर से यमुना आरती स्थल तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी। मण्डलायुक्त ने मांग को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त को प्रेषित करने के निर्देश अपने निजी सचिव को दिए और प्रस्ताव को तत्काल नगर निगम भेजने के लिए कहा।

भेंट के उपरांत टीम के सदस्यों ने मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया तथा आशा जताई कि वह शीघ्र ही यमुना आरती स्थल पर पहुंचकर आरती में सहभागी होंगे।

भेंट करने वालों में देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ. हरेंद्र गुप्ता (आईएमए अध्यक्ष), नंदन श्रोत्रिय, चतुर्भुज तिवारी, ज्योति खंडेलवाल, निधि पाठक, विशाल झा, जगन प्रसाद तेहरिया, जुगल श्रोत्रिय एवं अभिनव श्रोत्रिय उपस्थित रहे।