CM योगी के दौरे के बाद PWD में मचा हड़कंप, तीन दिन में कार्य पूरा करने के निर्देश,

*CM योगी के दौरे के बाद PWD में मचा हड़कंप, तीन दिन में कार्य पूरा करने के निर्देश,*

*फिर भी गुप्तारगंज में जल निकासी बनी बड़ी समस्या*

सुल्तानपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया सुल्तानपुर दौरे के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचने से पहले खराब सड़कों और PWD अधिकारियों की कार्यशैली से संबंधित एक शिकायत पत्र उनके टेबल पर रखा गया था। मुख्यमंत्री ने शिकायत को गंभीरता से पढ़ते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए।बताया जा रहा है कि इसके बाद संबंधित अधिकारियों को विभागीय जांच के साथ-साथ तीन दिवस के भीतर आवश्यक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।इधर, अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-330) पर विकास खंड कूरेभार के गुप्तारगंज बाजार में हाल ही में सड़क किनारे जलभराव और नाली न होने के कारण हुए दर्दनाक हादसे ने लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है। जलभराव से बचने के प्रयास में एक महिला ट्रक की चपेट में आ गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के दौरे से पहले PWD ने केवल खानापूर्ति करते हुए कुछ स्थानों पर मिट्टी डलवा दी और जेसीबी से सफाई अभियान चलाया, लेकिन स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, आज भी बाजार क्षेत्र में जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर PWD नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर गंभीर क्यों नहीं है? क्या विभाग किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गुप्तारगंज बाजार में जल्द से जल्द पक्की नाली का निर्माण कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।वहीं, स्थानीय PWD के ओम प्रकाश जूनियर इंजीनियर (JE) का कहना है कि क्षेत्र में जल्द ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम दिखाई देना चाहिए।