140 करोड़ रुपये से बदला जैसलमेर रेलवे स्टेशन का स्वरूप, जल्द मिलेगा एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव

जोधपुर। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर का रेलवे स्टेशन अब नए और भव्य स्वरूप में यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन का उद्घाटन जल्द होने वाला है। हेरिटेज वास्तुकला और आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन पश्चिमी राजस्थान की नई पहचान बनेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन का पुनर्विकास भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। नया स्टेशन भवन जी+2 संरचना में लगभग 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया गया है। भवन के बाहरी हिस्से में जैसलमेर के प्रसिद्ध स्वर्णिम पीले पत्थर का उपयोग किया गया है, जिससे इसे शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप हेरिटेज स्वरूप मिला है।

स्टेशन पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां 10 लिफ्ट, 10 एस्केलेटर, 6 मीटर चौड़ाई के दो फुट ओवरब्रिज, विशाल एयर कॉनकोर्स, आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और 480 वर्गमीटर का वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। वहीं तीनों प्लेटफॉर्म पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में आधुनिक शेड लगाए गए हैं।

रेलवे के अनुसार, यह स्टेशन प्रतिदिन करीब 35 हजार यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। पुनर्विकास के बाद जैसलमेर रेलवे स्टेशन न केवल रेल यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का केंद्र बनेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए शहर की भव्य विरासत का पहला आकर्षक परिचय भी होगा।