पीतल नगरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बेसन और हल्दी के दो नमूने मानकों पर नहीं मिले खरे

पीतल नगरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बेसन और हल्दी के दो नमूने मानकों पर नहीं मिले खरे

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को पीतल नगरी क्षेत्र में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (एमएफएसडब्ल्यू) के तहत जागरूकता, प्रशिक्षण और खाद्य पदार्थों की जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिपाल सिंह ने किया।

अभियान के दौरान 22 खाद्य पदार्थों के नमूने जांचे गए, जिनमें बेसन और हल्दी के दो नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

इस दौरान 40 खाद्य कारोबारियों (एफबीओ) को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में प्रशिक्षण और जागरूकता प्रदान की गई। कारोबारियों को केवल एफएसएसएआई लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों का प्रयोग न करने, रसोई और खाद्य निर्माण क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने, हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और दस्ताने पहनने, कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।