2027 में बदलाव तय, मुरादाबाद देहात की जनता 25 वर्षों के कुशासन से परेशान: रवि चौधरी

मुरादाबाद। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुरादाबाद जिलाध्यक्ष एवं मुरादाबाद देहात विधानसभा प्रभारी रवि चौधरी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि मुरादाबाद देहात विधानसभा की जनता पिछले लगभग 25 वर्षों से विकास से वंचित रही है और अब बदलाव का मन बना चुकी है।

रवि चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के कई गांव आज भी टूटी सड़कों, अनियमित बिजली आपूर्ति, पेयजल संकट, बदहाल सरकारी विद्यालयों, सीएचसी-पीएचसी की अव्यवस्थाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के मुद्दों को गंभीरता से नहीं उठाया गया, जिससे क्षेत्र अपेक्षित विकास से वंचित रह गया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव क्षेत्र के विकास, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का चुनाव होगा। यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वह विधायक के रूप में नहीं, बल्कि जनता के सेवक और क्षेत्र की आवाज बनकर कार्य करेंगे तथा प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

जनसंपर्क अभियान के तहत रवि चौधरी ने ग्राम देवीपुरा, भोजपुर, धर्मपुर सब्जी मंडी, भोजपुर, नगीना मस्जिद क्षेत्र तथा गणेशपुर देवी में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से भी वार्ता की जा रही है।

रवि चौधरी ने क्षेत्रवासियों से विकास, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर मतदान करने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि 2027 में मुरादाबाद देहात की जनता परिवर्तन का इतिहास लिखेगी।