बिजनौर में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों का फायर सेफ्टी ऑडिट, 382 लोगों को किया जागरूक

बिजनौर में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों का फायर सेफ्टी ऑडिट, 382 लोगों को किया जागरूक

बिजनौर। पुलिस उप महानिरीक्षक, अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश पर जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा अभियान के तहत शनिवार को स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में स्कीम नंबर-02 के अंतर्गत जिले के 18 शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 382 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), प्राथमिक अग्निशमन उपायों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान चांदपुर, बिजनौर, वादीगढ़, नजीबाबाद और बूंदकी-नगीना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का फायर ऑडिट किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने संस्थानों के संचालकों एवं स्टाफ को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरणों का नियमित अनुरक्षण कराया जाए तथा उन्हें हमेशा कार्यशील अवस्था में रखा जाए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित कर विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन के बारे में प्रशिक्षित करना आवश्यक है।

अभियान के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।