मुरादाबाद में मेगा अभियान: 88 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे, 92 उपभोक्ताओं ने मौके पर जमा किया बिल

मुरादाबाद में मेगा अभियान: 88 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे, 92 उपभोक्ताओं ने मौके पर जमा किया बिल

मुरादाबाद। विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य-द्वितीय), सिविल लाइंस की ओर से मंगलवार को सीतापुरी क्षेत्र में मेगा विद्युत विच्छेदन एवं राजस्व वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीम ने बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 88 बिजली कनेक्शन काट दिए।

अभियान में कुल 225 उपभोक्ताओं के परिसरों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 92 उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिजली बिल मौके पर ही जमा कर दिया। वहीं 30 उपभोक्ताओं के बिल पहले से जमा मिले। इसके अलावा 15 उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।

अधिशासी अभियंता (वाणिज्य-द्वितीय) ने बताया कि बकाया राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करने से विद्युत विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सकेगा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में सहयोग मिलेगा।