बिजनौर में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों का फायर ऑडिट, 346 लोगों को अग्नि सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

बिजनौर। पुलिस उपमहानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के निर्देश पर जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत स्कीम नंबर-02 के अंतर्गत शुक्रवार को स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 17 शिक्षण संस्थानों का फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया तथा 346 छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आग से बचाव और आपातकालीन निकासी के संबंध में जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही संस्थान संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरणों का नियमित अनुरक्षण कराते रहें और उन्हें हमेशा उपयोग के लिए तैयार रखें।

अभियान के दौरान स्टाफ और विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय त्वरित एवं सुरक्षित निकासी, प्राथमिक अग्निशमन के उपाय तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि समय-समय पर मॉक ड्रिल और अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित करने से किसी भी आपात स्थिति में जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं ताकि शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो सके और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ स्टाफ भी किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार रहे।