जून 2026 में एनएफआर की माल ढुलाई को मिली रफ्तार, लोडिंग में 9.6% की बढ़ोतरी

जून 2026 में एनएफआर की माल ढुलाई को मिली रफ्तार, लोडिंग में 9.6% की बढ़ोतरी

मालीगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने माल परिवहन के क्षेत्र में जून 2026 के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 0.968 मिलियन टन (एमटी) माल की लोडिंग दर्ज की है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.6 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही एनएफआर ने जून माह के लिए निर्धारित माल लोडिंग लक्ष्य का 110 प्रतिशत हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।

जून महीने में कई प्रमुख वस्तुओं की लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। सीमेंट की लोडिंग में 53.1 प्रतिशत, पेट्रोलियम ऑयल एवं लुब्रिकेंट्स (पीओएल) में 41.7 प्रतिशत, कोयले की लोडिंग में 37.5 प्रतिशत तथा 'अन्ध्र' श्रेणी की लोडिंग में 36.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं स्टोन चिप्स की लोडिंग में 275 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों के विस्तार का संकेत है।

चालू वित्त वर्ष में जून 2026 तक एनएफआर की कुल माल लोडिंग 2.931 मिलियन टन पहुंच गई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 6.2 प्रतिशत अधिक है तथा रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य का 109 प्रतिशत हासिल किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, माल ढुलाई में लगातार हो रही बढ़ोतरी पूर्वोत्तर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को दर्शाती है। इससे क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलने के साथ-साथ पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

एनएफआर ने कहा है कि आने वाले समय में भी माल परिवहन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी सुधार, परिचालन दक्षता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि उद्योगों और व्यापार जगत को तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।