यात्रियों को बड़ी राहत: एनएफआर ने सांतरागाछी–नाहरलगुन स्पेशल ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए

यात्रियों को बड़ी राहत: एनएफआर ने सांतरागाछी नाहरलगुन स्पेशल ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने एक अहम फैसला लेते हुए सांतरागाछी नाहरलगुन स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की घोषणा की है। रेलवे के इस फैसले से यात्रा के पीक सीजन में पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

एनएफआर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 08047/08048 सांतरागाछी नाहरलगुन सांतरागाछी स्पेशल को मौजूदा समय-सारणी, ठहराव और कोच संरचना के साथ 03 जुलाई से 01 अगस्त 2026 तक प्रत्येक दिशा में 5 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है।

इसके तहत ट्रेन संख्या 08047 (सांतरागाछी नाहरलगुन स्पेशल) 03 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को सांतरागाछी से शाम 6:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:50 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी।

वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 08048 (नाहरलगुन सांतरागाछी स्पेशल) 04 जुलाई से 01 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को नाहरलगुन से रात 11:55 बजे रवाना होगी और सोमवार को सुबह 4:15 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन सेवा के विस्तार से उन यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा, जो इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण यात्रा नहीं कर पा रहे हैं। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।

कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की यह पहल यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान बेहतर सुविधा देने और यात्रा को अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।