बुंदकी शुगर मिल में अग्निशमन विभाग की अर्धवार्षिक मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया

बुंदकी शुगर मिल में अग्निशमन विभाग की अर्धवार्षिक मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया

बिजनौर में औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आगजनी जैसी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से बुधवार 17 जून को बुंदकी शुगर मिल, द्वारिकेश नगर बुंदकी में अग्निशमन विभाग द्वारा अर्धवार्षिक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

यह मॉक ड्रिल मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित की गई। कार्यक्रम में फायर स्टेशन नगीना से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर यूनिट एमएफई यूपी 20 एजी 0496 ने भाग लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान अचानक आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तुरंत सूचना देने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने, प्राथमिक सुरक्षा उपाय अपनाने और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग की टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से आग बुझाने की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया और मिल कर्मचारियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना और किसी भी संभावित दुर्घटना के दौरान त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

इस आयोजन से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा मानकों का पालन और समय-समय पर प्रशिक्षण किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोकने में अहम भूमिका निभाता है। जनपद बिजनौर अग्निशमन विभाग भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सुरक्षा के प्रति सतर्क करता रहेगा।