पुलिस की लापरवाही के बीच दो गुटों में चाकूबाजी, 2 युवक गंभीर घायल

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में गुरुसर रोड स्थित शनि मंदिर के पास आज पुरानी रंजिश को ले कर दो गुटों के बीच हुई चाकूबाजी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

नाई की दुकान पर ईंट-पत्थर और चाकू से हमला....

जानकारी के अनुसार चरणजीत पुत्र गुरदीप सिंह निवासी गांव 19 ओ और शिवराज पुत्र रामप्रताप मेघवाल निवासी वार्ड 2 नाई की दुकान पर थे। उसी दौरान दूसरे गुट के युवकों ने उन पर ईंट, भाठों और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में चरणजीत और शिवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले सीएचसी श्रीकरणपुर लाया गया जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर दोनों को श्रीगंगानगर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

पहले भी हुई थी भिड़ंत, थाने में दिया था परिवाद....

सूत्रों के अनुसार दोनों गुटों में किसी बात को लेकर कई दिनों से रंजिश चल रही थी। बीती देर रात भी दोनों गुटों में भिड़ंत हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद को लेकर कुछ समय पूर्व थाने में परिवाद भी दिया गया था। लोगों का आरोप है कि परिवाद पर समय रहते पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद उठे सवाल....

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि यदि पूर्व में दिए गए परिवाद पर पुलिस कार्रवाई करती तो आज हुई चाकूबाजी की घटना टल सकती थी। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

परिवाद देने पर मामला दर्ज करगी पुलिस....

घटना स्थल पर मौका मुआयना करने पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया की आज हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर घायलों के बेहोश होने के कारण ब्यान नहीं लिये जा सके और ना हीं घायलों के परिजनों द्वारा कोई परिवाद दिया गया है घायलों के होश में आने पर उनके ब्यान होने या परिवाद आने पर ही आरोपियों पर मामला दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी।