पुलिस की नाकाबंदी में 1 किलो 564 ग्राम गांजा बरामद, स्विफ्ट कार सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीकरणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 1 किलो 564 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है।

ऐसे हुई कार्रवाई....
श्रीकरणपुर थानाधिकारी सीर कौर के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता ने गांव 12 ओ के पास भारतमाला रोड बाईपास पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। टीम में कानि. लोकेश कुमार, कृष्णलाल, महेश कुमार, संजय कुमार और सरकारी बोलेरो चालक कानि. प्रद्युम्न शामिल थे।

नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार RJ 13 CE 5804 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार सवार लवप्रीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी 39 एच बुर्जवाला व आकाश पुत्र भगवानदास उम्र 25 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 09 श्रीकरणपुर के कब्जे से 1 किलो 564 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया।

NDPS एक्ट में दर्ज हुआ मामला....
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

पुलिस की अपील....
श्रीगंगानगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ उनकी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नागरिक नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।