पीलीभीत पहुंची 81 दिवसीय गोविष्टि यात्रा, जमुनियां में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत

पीलीभीत। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर जगद्गुरु शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा निकाली जा रही 81 दिवसीय गोविष्टि यात्रा मंगलवार को पीलीभीत पहुंची। पूरनपुर से पीलीभीत की ओर प्रस्थान के दौरान जमुनियां गांव में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी ने कहा कि यह यात्रा गौ माता को राष्ट्र माता और राज्य माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना समय की आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक हिंदू समाज को संकल्पित होकर जनजागरण करना होगा। उन्होंने सभी लोगों से गौ माता को राष्ट्र माता एवं राज्य माता का दर्जा दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, पूर्व प्रधान रामगोपाल (आसपुर), एडवोकेट विनोद वर्मा, इंद्रजीत वर्मा, आसेराम, कृपाल सिंह, हरिओम, शक्ति सिंह, संजय, अभय सहित सैकड़ों ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर शंकराचार्य जी का जोरदार स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।