आठ माह की बेटी के सामने मां की हत्या, चचेरा भतीजा गिरफ्तार

पीलीभीत। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अशरफ खां में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर में अकेली मौजूद 30 वर्षीय महिला की उसके चचेरे भतीजे ने कथित विवाद के बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के समय महिला की आठ माह की मासूम बच्ची भी घर में मौजूद थी, जो अपनी मां पर हो रहे जानलेवा हमले की असहाय गवाह बनी रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका निशा परवीन के पति सलीम ने बताया कि शनिवार दोपहर उनकी पत्नी घर में अकेली थीं। उसी दौरान उनका चचेरा भतीजा मोनिस घर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि मोनिस ने चाकू से निशा परवीन के पेट और हाथ पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर सलीम घर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि वारदात के दौरान मृतका की आठ माह की बच्ची भी घर में मौजूद थी। मासूम अपनी मां को बचाने में पूरी तरह असहाय रही और अपनी आंखों के सामने हुई इस भयावह घटना की गवाह बन गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी, सदर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला कथित प्रेम संबंध और ब्रेकअप से जुड़ा होने की चर्चा सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद फरार आरोपी मोनिस को पुलिस ने कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों, दोनों के संबंधों की सच्चाई तथा किसी अन्य संभावित वजह की भी जांच कर रही है।