भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भाकियू (चढ़ूनी) का पैदल मार्च, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

पूरनपुर। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने मंगलवार को भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो के नेतृत्व में सिरसा चौराहे से तहसील प्रांगण तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों और गैस उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों को उठाया गया।
ज्ञापन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों, पशुपालकों और कृषि क्षेत्र के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के समझौते देश की खाद्य सुरक्षा और किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं।
इसके साथ ही भाकियू (चढ़ूनी) ने ग्राम रूरिया सलेमपुर स्थित राज इंडेन गैस सर्विस के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गैस एजेंसी द्वारा गैस बुकिंग के नाम पर अनियमितताएं और कालाबाजारी की जा रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के कई दिन बाद भी समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाता, जबकि अधिक पैसे देने वालों को बिना प्रतीक्षा के सिलेंडर मिल जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है तथा एजेंसी प्रबंधन द्वारा संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया जाता। इस कारण क्षेत्र के उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। भाकियू (चढ़ूनी) ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव गुरविंदर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष गुरिंदर सिंह, जिला उपाध्यक्ष जोगा सिंह वर्क, तहसील अध्यक्ष जगविंदर सिंह, उपाध्यक्ष रेशम सिंह, कलीनगर तहसील अध्यक्ष मनजीत सिंह, परमीत सिंह, तहसील प्रभारी मनदीप सिंह, रंजीत सिंह सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष मंगल सिंह सहित संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो ने कहा कि किसान और आम उपभोक्ता दोनों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा तथा जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा।