नागपुर मंडल में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, एसी कोच में 1.56 लाख की चोरी का खुलासा

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन के एसी कोच में हुई 1.56 लाख रुपये की चोरी के मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 30 जून 2026 को 18109 टाटा?इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में यात्रा कर रहे एक यात्री का लैपटॉप बैग चोरी हो गया था। बैग में ASUS लैपटॉप, रेडमी मोबाइल फोन, राडो घड़ी, माउस, चार्जर और हार्ड डिस्क सहित कुल 1 लाख 56 हजार रुपये का सामान मौजूद था। मामले की शिकायत रेल मदद और जीआरपी इतवारी में दर्ज कराई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में आरपीएफ डोंगरगढ़ की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

खुफिया सूचना के आधार पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने रायपुर के आमानाका क्षेत्र स्थित महोबा बाजार में दबिश देकर विक्की सहानी (22 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया, जिसकी पहचान शिकायतकर्ता ने मोबाइल के माध्यम से की।

जांच में सामने आया कि आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह रायपुर व बिलासपुर केंद्रीय जेल में सजा भी काट चुका है।

फिलहाल आरोपी को बरामद सामान सहित आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना डोंगरगढ़ को सौंप दिया गया है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को दें।