कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत, मध्य रेल चलाएगा 2 सप्ताहांत विशेष ट्रेनें

कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत, मध्य रेल चलाएगा 2 सप्ताहांत विशेष ट्रेनें

मुंबई। कोंकण क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने दिवा से चिपलुन के बीच दो अनारक्षित सप्ताहांत विशेष (वीकेंड स्पेशल) ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से कोंकण क्षेत्र की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिवा-चिपलुन-दिवा के बीच एमईएमयू सप्ताहांत अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 01160 अनारक्षित विशेष ट्रेन दिनांक 28 जून 2026 को चिपलुन से दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी और उसी दिन रात 11 बजकर 10 मिनट पर दिवा पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 01159 अनारक्षित विशेष ट्रेन दिनांक 28 जून 2026 को रात 11 बजकर 25 मिनट पर दिवा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर चिपलुन पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों का संचालन 8 डिब्बों वाली एमईएमयू रेक के साथ किया जाएगा। यात्रा के दौरान यह विशेष ट्रेनें कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेंगी। इनमें नीलजे, तलोजा, पंचनांद, कलांबोली, पनवेल, सोमाटने, आप्टा, जीते, पेन, कासू, नागोठाने, रोहा, कोलाड, इंदापुर, मानगांव, गोरेगांव रोड, वीर, सापे वामने, करंजाड़ी, विनेहेरे, दीवानखावटी, कलांबानी, बुद्रुक, खेड़ और अंजनी स्टेशन प्रमुख हैं।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के अनारक्षित डिब्बों की टिकट बुकिंग सामान्य शुल्क पर यूटीएस सिस्टम के माध्यम से की जा सकेगी। इसके अलावा यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं, जिससे उन्हें टिकट लेने में सुविधा होगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए यह विशेष सप्ताहांत ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे कोंकण क्षेत्र में यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। रेलवे का यह कदम यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।