पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जून 2026 में परिचालन और माल परिवहन के क्षेत्र में दर्ज की बड़ी उपलब्धियां

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जून 2026 के दौरान परिचालन, माल परिवहन, समयपालन और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल ने माल परिवहन के जरिए 606.43 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर एक बड़ी सफलता दर्ज की है।

जून 2026 के दौरान अहमदाबाद मंडल ने मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की 94.69 प्रतिशत समयपालन उपलब्धि दर्ज की, जो जून 2025 की तुलना में 2.95 प्रतिशत बेहतर रही। यह उपलब्धि यात्रियों को समय पर और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

माल परिवहन के क्षेत्र में भी मंडल का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। जून माह में प्रतिदिन औसतन 2941.8 वैगनों का माल लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.83 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में कुल 4.42 मिलियन टन माल का परिवहन किया गया, जिसमें 10.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके साथ ही कोयले के लदान में 61.36 प्रतिशत, उर्वरकों में 44.96 प्रतिशत तथा नमक के परिवहन में 25.12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

गांधीधाम क्षेत्र ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। यहां प्रतिदिन औसतन 2252.93 वैगनों का माल लदान किया गया, जो जून 2025 की तुलना में 12.54 प्रतिशत अधिक है। वहीं मुंद्रा बंदरगाह से जून 2026 में 587 डबल स्टैक कंटेनर रेक का लदान किया गया, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में 570 रेक का रिकॉर्ड बनाया गया था।

परिचालन दक्षता में सुधार के तहत विद्युत इंजन के उपयोग में 3.28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जून 2026 में 156 लंबी दूरी की मालगाड़ियों का संचालन किया गया, जो पिछले वर्ष के 28 की तुलना में 457.14 प्रतिशत अधिक है।

माल परिवहन में नई उपलब्धि के तहत अहमदाबाद क्षेत्र स्थित देवलिया मल्टी मॉडल टर्मिनल से 21 जून 2026 को पहली बार उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के भांगा स्टेशन के लिए 21 बीसीएन वैगनों में मिश्रित वस्तुओं से लदी मालगाड़ी का सफल संचालन किया गया।

यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जून 2026 में मंडल से कुल 6418 कोचिंग ट्रेनों का संचालन किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.31 प्रतिशत अधिक है। यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए विभिन्न ट्रेनों में 333 अतिरिक्त कोच लगाए गए, जबकि मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में 9 अतिरिक्त पार्सल वैन भी जोड़ी गईं।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जून 2026 में परिचालन उत्कृष्टता, माल परिवहन, समयपालन और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल कर यह साबित किया है कि मंडल भविष्य में भी सुरक्षित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।