मानसून के दौरान महेसाणा–तारंगा हिल रेलखंड के तीन रेलवे अंडरपास रहेंगे अस्थायी रूप से बंद

अहमदाबाद। यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने मानसून अवधि के दौरान महेसाणा?तारंगा हिल रेलखंड पर स्थित तीन रेलवे अंडरपास (आरयूबी) को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 10 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार भारी वर्षा के दौरान जलभराव और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिन रेलवे अंडरपासों को अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा, उनमें आरयूबी संख्या 41A वडनगर सिटी के पास स्थित केसिंपा खेतों के मार्ग विस्तार, आरयूबी संख्या 16D विसनगर सिटी के समीप शेरडीनगर से कांसा विस्तार मार्ग तथा आरयूबी संख्या 22A मस्तान नगर सोसायटी, वडनगर दरवाजा क्षेत्र शामिल हैं।

अहमदाबाद मंडल ने आम नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और भारी बारिश की स्थिति में इन रेलवे अंडरपासों का उपयोग करने से बचें। रेलवे प्रशासन ने कहा कि यह कदम यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है, ताकि रेल परिचालन बिना किसी बाधा के सुरक्षित तरीके से जारी रखा जा सके।